
विश्व कप में भारतीय टीम की सबसे बड़ी कमजोरी नं-4 के खिलाड़ी का तय नहीं हो पाना माना जा रहा था। लेकिन अब टीम इंडिया के पास एक ऐसा युवा बल्लेबाज उभर कर सामने आ रहा है जो टीम इंडिया की नं-4 की प्रॉब्लम को सॉल्व कर सकता है। इस युवा खिलाड़ी का नाम है श्रेयस अय्यर। अय्यर ने नवंबर 2017 में न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय में पदार्पण करने के बाद श्रीलंका के खिलाफ घरेलू मैदान में लगातार दो अर्धशतकीय पारियां खेली थी।

24 साल के इस खिलाड़ी ने इसके बाद दक्षिण अफ्रीका में तीन वनडे खेले लेकिन दो महीने बाद उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया। चयन समिति के अध्यक्ष एमएसके प्रसाद ने कहा कि सीमित ओवरों के प्रारूप में श्रेयस अय्यर ने पिछले दो साल में अपने खेल में जो सुधार किया है उससे वह भारतीय क्रिकेट टीम की चौथे क्रम की परेशानी को दूर कर सकते हैं।
प्रसाद ने कहा, ‘अगर आपको याद हो तो हमने अय्यर को 18 महीने पहले (जब कोहली को विश्राम दिया गया था) एकदिवसीय टीम में शामिल किया था और उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया है। दुर्भाग्य से हम उन्हें टीम में बरकरार नहीं रख सके।'

उन्होंने कहा, 'अय्यर ने हालांकि अपने खेल में काफी सुधार किया है, जिससे एकदिवसीय और टी20 टीमों में चौथे क्रम की परेशानी से टीम को उबार सकते हैं।’ प्रसाद के नेतृत्व वाली चयन समिति ने 2016 में अपना कार्यकाल शुरू किया था जो अब खत्म होने वाला है। प्रसाद ने कहा कि विश्व कप के तैयारियों के तहत अय्यर को मौका नहीं मिलना दुर्भाग्यपूर्ण था।
0 Comments